*हिन्दी दिवस पर हुआ बुलेटिन का लोकार्पण*

विशेष प्रतिनिधि
काटोल – स्थानीय अरविन्द इंडो पब्लिक स्कूल में पूरे हर्षोल्लास के साथ हिन्दी दिवस मनाया गया। स्कूल के प्राचार्य राजेन्द्र मिश्र ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हिन्दी विभागाध्यक्ष सुश्री सुनीता नासरे, मोनिका शेम्भेकर, सीमा ताटे, गार्गी थोरात एवं यशोधरा कालबांडे की प्रमुख उपस्थिति में प्राचार्य राजेन्द्र मिश्र ने विद्यार्थियों द्वारा निर्मित बुलेटिन का लोकार्पण किया। हिन्दी के सम्मान में विद्यार्थियों ने शानदार कविताएँ प्रस्तुत की । मेरा प्रिय कवि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने हरिवंशराय बच्चन, नीरज, साहिर लुधियानवी, सुमित्रानंदन पंत, महादेवी वर्मा की कविताएँ प्रस्तुत की । विद्यार्थियों ने विख्यात साहित्यकारों के रेखाचित्र भी बनाए । स्लोगन स्पर्धा काव्यपाठ स्पर्धा एवं सुन्दर हस्ताक्षर स्पर्धा में विद्यार्थियों ने सहर्ष भागीदारी की। हिन्दी के प्रचार एवं प्रसार के लिए जरूरी है कि हम हिन्दी को दिल से स्वीकारें, मजबूरी में नहीं। विश्व के लगभग सभी देशों में हिन्दी जानने वाले, पढ़ने वाले मौजूद हैं। हिन्दी एक विशुद्ध वैज्ञानिक भाषा है। हिन्दी सिनेमा एवं हिन्दी के टीवी सीरियलों ने भी हिन्दी की लोकप्रियता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खासकर, ‘रामायण’, ‘महाभारत’, ‘हमलोग’, बुनियाद जैसे सीरियलों पर तो शोधकार्य भी हुए। स्कूल के चेयरमैन श्री रणजीत बाबू देशमुख एवं कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. आशिष देशमुख ने ‘हिन्दी दिवस’ के अवसर पर विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान की।
Maharashtra News Media सच की आवाज